बिना विचारे जो करे, सो पाछे पछताए
“बिना विचारे जो करे, सो पाछे पछताए।” यह कहावत हमें सिखाती है कि किसी भी कार्य को करने से पहले सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए। लापरवाही और बिना योजना के किया गया कार्य अक्सर पछतावे का कारण बन जाता है।
*आइए, एक छोटी-सी कहानी के माध्यम से इसे समझते हैं।*
एक गाँव में आरव नाम का एक बालक रहता था। वह बुद्धिमान था, लेकिन पढ़ाई के प्रति लापरवाह था। वार्षिक परीक्षाएँ निकट थीं। उसके सभी मित्र समय-समय पर पढ़ाई कर रहे थे, परंतु आरव सोचता था, “अभी बहुत समय है, बाद में पढ़ लूँगा।”
दिन बीतते गए। वह अपना अधिकांश समय खेलकूद और मोबाइल देखने में बिताता रहा। जब परीक्षा में केवल दो दिन शेष रह गए, तब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ। उसने एक साथ पूरा पाठ्यक्रम याद करने की कोशिश की, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी थी। घबराहट में वह न तो ठीक से पढ़ पाया और न ही किसी विषय की अच्छी तैयारी कर सका।
परीक्षा के दिन उसे अधिकांश प्रश्नों के उत्तर नहीं आए। उसने जैसे-तैसे उत्तर लिखे। कुछ दिनों बाद जब परिणाम घोषित हुआ, तो आरव अनुत्तीर्ण (फेल) हो गया। वह बहुत दुखी हुआ और अपनी गलती पर पछताने लगा।
तभी उसके पिताजी ने उसे समझाते हुए कहा, “बेटा, याद रखो—’बिना विचारे जो करे, सो पाछे पछताए।’ यदि तुमने समय रहते पढ़ाई की होती, नियमित अभ्यास किया होता और सही योजना बनाई होती, तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।”
आरव ने अपनी गलती स्वीकार की और संकल्प लिया कि अब वह हर दिन नियमित रूप से पढ़ाई करेगा और किसी भी कार्य को टालने की आदत छोड़ देगा। अगले वर्ष उसने पूरे मन से मेहनत की और अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हुआ।
*शिक्षा:-*
इस कहानी से हमें शिक्षा मिलती है कि परीक्षा में सफलता पाने के लिए नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और सही योजना अत्यंत आवश्यक है। जो विद्यार्थी पढ़ाई को टालते हैं और अंतिम समय पर तैयारी करते हैं, उन्हें अक्सर पछताना पड़ता है।
इसीलिए कहते हैं –
*”समय पर किया गया परिश्रम सफलता दिलाता है, जबकि लापरवाही और टालमटोल केवल पछतावा देती है।”*
हिंदी अध्यापिका
मधु कुमारी

Category:
