त्योहार और बढ़ता बाज़ारवाद
जब खुशियों की कीमत लगने लगे…
भारत त्योहारों का देश है। हमारे त्योहार केवल कैलेंडर की तारीखें नहीं हैं। वे हमारी संस्कृति, परंपरा, रिश्तों, प्रकृति और सामुदायिक जीवन की धड़कन हैं। दीवाली हमें अँधेरे पर प्रकाश की विजय का संदेश देती है। होली हमें रंगों के माध्यम से प्रेम और मेल-मिलाप सिखाती है।ईद साझेदारी और भाईचारे का संदेश देती है।
रक्षाबंधन रिश्तों की गरिमा याद दिलाता है। क्रिसमस प्रेम, करुणा और सेवा की भावना जगाता है। पोंगल, बैसाखी, ओणम और अनेक अन्य पर्व हमें प्रकृति, कृषि और सामुदायिक जीवन से जोड़ते हैं। लेकिन धीरे-धीरे इन त्योहारों के आसपास एक नया संदेश भी सुनाई देने लगा है—“त्योहार है तो खरीदारी तो बनती है! और फिर शुरू होती है एक अंतहीन दौड़—
नए कपड़े।
नए जूते।
नया फोन।
नया फर्नीचर।
नई सजावट।
नए गैजेट।
महँगे उपहार।
ऑनलाइन सेल।
त्योहार की तैयारी कब पूजा की तैयारी से बदलकर “शॉपिंग लिस्ट “की तैयारी बन गई, हमें पता ही नहीं चला। बाज़ार हमें केवल वस्तुएँ नहीं बेचता ।आज का बाज़ार बहुत चतुर है।वह हमें केवल यह नहीं बताता कि “क्या खरीदना है।“वह धीरे-धीरे यह भी बताने लगता है कि—किस चीज़ के बिना हम खुश नहीं हो सकते।
एक विज्ञापन कहता है—
“अपने बच्चे को सबसे अच्छा दें।”
दूसरा कहता है—
“इस त्योहार पर खुद को रोकिए मत।
तीसरा कहता है—
“अगर आप सच में अपने परिवार से प्यार करते हैं, तो…”
और यहीं से एक खतरनाक संबंध बनता है—
प्यार = महँगा उपहार
खुशी = नई वस्तु
सफलता = महँगी जीवनशैली
त्योहार = अधिक खरीदारी
बच्चे विज्ञापनों को केवल स्क्रीन पर नहीं देखते। वे उन संदेशों को अपने मन में भी जगह देते हैं। इसलिए कभी-कभी बच्चे का सवाल—“मुझे नया फोन कब मिलेगा?” वास्तव में सिर्फ फोन का सवाल नहीं होता।
वह पूछ रहा होता है—“क्या मैं भी दूसरों जितना महत्वपूर्ण हूँ?”बच्चों की दुनिया और तुलना का दबाव
बच्चों के लिए आज “तुलना” पहले से कहीं आसान हो गई है। पहले बच्चे पड़ोस के बच्चों से अपनी चीज़ों की तुलना करते थे। आज वे सोशल मीडिया पर सैकड़ों लोगों की जिंदगी देखते हैं। किसी के पास नया फोन है।
किसी के पास महँगी साइकिल। किसी के पास डिजाइनर कपड़े। किसी का त्योहार विदेश यात्रा में बीत रहा है। किसी का घर हजारों लाइटों से जगमगा रहा है। बच्चा सोचता है—“मेरे पास यह सब क्यों नहीं है?” और यही वह क्षण है जहाँ अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।हमें बच्चों को यह समझाना होगा कि—हर चमक खुशी नहीं होती। सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली जिंदगी पूरी जिंदगी नहीं होती।
और किसी व्यक्ति के पास कितनी वस्तुएँ हैं, यह उसकी वास्तविक खुशी, सफलता या मूल्य का प्रमाण नहीं है।
क्या बच्चों को उपहार देना गलत है? नहीं। बिल्कुल नहीं। उपहार प्रेम की सुंदर अभिव्यक्ति हैं।समस्या तब होती है जब उपहार’ प्रेम का प्रमाण ‘बन जाए। बच्चे को किताब देना—सुंदर है। उसकी पसंद का खेल देना—सुंदर है। उसके साथ बैठकर कहानी पढ़ना—और भी सुंदर है। उसकी बनाई हुई छोटी-सी चित्रकारी को प्यार से संभालकर रखना—अमूल्य है। दादा-दादी के साथ एक शाम बिताना—यादगार है। किसी जरूरतमंद की सहायता करना—जीवनभर का संस्कार है।हमारे बच्चों को यह समझना होगा कि हर उपहार की कीमत नहीं होती।कुछ चीज़ें महँगी होती हैं, लेकिन मूल्यवान नहीं। और कुछ चीज़ें बिना कीमत के होती हैं, लेकिन अमूल्य होती हैं।
त्योहार और पर्यावरण की जिम्मेदारी
त्योहारों की चमक सुंदर है, लेकिन हमें यह भी देखना होगा कि उस चमक की कीमत हमारा पर्यावरण तो नहीं चुका रहा। अनावश्यक प्लास्टिक की सजावट। अत्यधिक पैकेजिंग। एक बार इस्तेमाल होने वाली वस्तुएँ। भोजन की बर्बादी। अनावश्यक इलेक्ट्रॉनिक खरीदारी। फिर कुछ दिनों बाद वही वस्तुएँ कचरे का हिस्सा बन जाती हैं। हम बच्चों को स्कूल में पढ़ाते हैं—Reduce – Reuse – Recycle. तो क्यों न यही सिद्धांत त्योहारों में भी अपनाएँ? इस बार कुछ नया खरीदने से पहले पूछें—“क्या हमारे पास इसका कोई विकल्प पहले से मौजूद है?” सजावट खरीदने के बजाय उसे स्वयं बनाइए। पुराने कपड़ों को नया रूप दीजिए। स्थानीय कारीगरों से सामान खरीदिए। मिट्टी के दीयों का उपयोग कीजिए। और सबसे महत्वपूर्ण—जितना आवश्यक हो, उतना ही खरीदिए।
अभिभावक ही बच्चों के पहले शिक्षक हैं
बच्चे हमारे शब्दों से कम और हमारे व्यवहार से अधिक सीखते हैं। हम यदि कहते हैं—“पैसे की कीमत समझो,” लेकिन हर त्योहार पर बिना आवश्यकता के खरीदारी करते हैं, तो बच्चा किस संदेश को मानेगा?
यदि हम कहते हैं—“दूसरों से तुलना मत करो,”लेकिन स्वयं पड़ोसी या रिश्तेदार की नई कार, घर या कपड़ों की चर्चा करते रहते हैं, तो बच्चा क्या सीखेगा? इसलिए त्योहारों को बच्चों के लिए जीवन-कौशल सीखने का अवसर बनाया जा सकता है। इस त्योहार बच्चों के साथ एक छोटी-सी “फैमिली फेस्टिवल मीटिंग”करें।
पूछें—
- हमें वास्तव में क्या चाहिए?
- हम इस बार क्या नहीं खरीदेंगे?
- हम कितनी बर्बादी कम कर सकते हैं?
- हम किसी जरूरतमंद की कैसे सहायता कर सकते हैं?
- हम परिवार के साथ कौन-सी नई याद बनाएँगे?
ऐसी बातचीत बच्चों में वित्तीय साक्षरता, निर्णय लेने की क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदारी विकसित करती है। बच्चों को ‘उपभोक्ता’ नहीं, ‘निर्माता’ बनाइए Iआज बच्चों को हर चीज़ तैयार मिल जाती है। लेकिन त्योहार उन्हें कुछ बनाने का अवसर भी दे सकते हैं।
क्यों न इस बार— बच्चे स्वयं दीये सजाएँ। पुराने कागज़ से सजावट बनाएँ। परिवार के सदस्यों के लिए हाथों से कार्ड बनाएँ। घर पर कोई सरल पकवान तैयार करें।अपनी पढ़ी हुई किताब किसी जरूरतमंद बच्चे को दें। एक पौधा लगाएँ। किसी ऐसे व्यक्ति को धन्यवाद दें जो पूरे वर्ष हमारी सहायता करता है। इन गतिविधियों से बच्चे केवल त्योहार नहीं मनाएँगे—वे त्योहार का अर्थ समझेंगे।
“कम खरीदना” नहीं, “सही खरीदना” सीखें Iबाज़ारवाद से पूरी तरह बचना न तो संभव है और न आवश्यक। हमें बाजार का विरोध नहीं करना है। हमें अंधी खरीदारी की मानसिकता का विरोध करना है।
इसीलिए बच्चों को “सजग उपभोक्ता’ बनाना जरूरी है। कुछ खरीदने से पहले—रुको – सोचो – चुनो।
थोड़ी देर रुकिए।
सोचिए कि क्या इसकी वास्तव में आवश्यकता है?
विचारें कि इसका पर्यावरण और समाज पर क्या प्रभाव होगा?
टिकाऊ और उपयोगी विकल्प चुनिए।
यह छोटी-सी आदत बच्चे को भविष्य में बेहतर आर्थिक निर्णय लेने में मदद करेगी।वे समझ सकेंगें कि
त्योहार पर उन्हें क्या मिलेगा, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि इस त्योहार उनकी वजह से कितने चेहरों पर मुस्कान आएगी।” क्योंकि अंततः—त्योहार वह नहीं जो हमारी अलमारी भर दे,त्योहार वह है जो हमारा मन भर दे।
इस बार त्योहार मनाएँ—बाज़ार के लिए नहीं,बल्कि परिवार, समाज, प्रकृति और मानवता के लिए।
नीता शर्मा
हिंदी पी.आर. टी
के.आर.मंगलम वर्ल्ड स्कूल
जी के 1

